चलना, दौड़ना या तैरना, जानें कौन सा व्यायाम ज्यादा फायदेमंद और सबसे बेहतर

चलना, दौड़ना या तैरना, जानें कौन सा व्यायाम ज्यादा फायदेमंद और सबसे बेहतर

सेहतराग टीम

जब भी शरीर को स्वस्थ रखने की बात होती है तो सबसे पहले रोज नियमित रूप से व्यायाम करने की सलाह दी जाती है। दरअसल नियमित व्यायाम करना स्वास्थ्य के लिए चमत्कार साबित हो सकता है। यही नहीं कई मेडिकल एक्सपर्ट के अनुसार अगर आप नियमित रूप से व्यायाम करते हैं तो आपकी उम्र लंबी होती है और बढ़ती उम्र के साथ सेहतमंद रहते हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के मुताबिक, नियमित व्यायाम मृत्यु के जोखिम को 30 प्रतिशत तक कम करता है।

पढ़ें- पैदल चलने और साइकिल चलाने से इस बीमारी खतरा हो जाता है कम, करोड़ों लोगों पर हुए अध्ययन में हुआ प्रमाणित

कई अध्ययनों से साबित हुआ है कि जो लोग नियमित रूप से व्यायाम करते हैं, उन्हें गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। इन शोधों से यह भी पता चला है कि शारीरिक गतिविधियां करने से मनोदशा, ऊर्जा, आत्मसम्मान और नींद की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।

व्यायाम से हृदय रोग, स्ट्रोक, टाइप 2 मधुमेह और कैंसर सहित कई बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। अब सवाल ये उठता है कि व्यायाम के इतने तरीकों के साथ कौन सा व्यायाम है जो सेहत में सुधार के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है? एक अध्ययन ने तुलना की कि चलना, दौड़ना या तैरना, इनमें से लंबी उम्र के लिए सबसे अधिक प्रभावी क्या है।

शोध में 20 से 90 वर्ष के बीच के 40,000 से अधिक पुरुषों ने हिस्सा लिया। वहीं शोधकर्ताओं ने 32 सालों तक इनकी गतिविधियों पर नजर रखी। अध्ययन के अंत में शोधकर्ताओं ने पाया कि तैराकों को वॉकिंग करने वाले या दौड़ने वालों की तुलना में कम उम्र में मरने का 50 प्रतिशत कम जोखिम होता है।

यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ कैरोलिना के विशेषज्ञों ने इस परिणाम पर आश्चर्य जताया। उन्होंने दौड़ने वालों और तैराकों दोनों के मृत्यु के कम जोखिम की उम्मीद की थी, लेकिन पता चला कि तैरने वाले की दौड़ने वालों की तुलना में काफी कम मृत्यु दर होती है।

शोधकर्ताओं ने पाया कि तैराकी बेहद एरोबिक है, लेकिन चलने या दौड़ने की तुलना में निचले जोड़ों पर ज्यादा खिंचाव नहीं पड़ता है। यही कारण है कि तैराकी इन दो प्रकार के व्यायामों की तुलना में अधिक लाभ देती है।

शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि नियमित तैराकों को चलने वालों और निष्क्रिय जीवन जीने वाले लोगों की तुलना में हाई कार्डियोरैसपाइरेटरी फिटनेस का आनंद मिलता है। शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि तैरना कार्डियोस्कोपिक फिटनेस में सुधार के लिए पारंपरिक व्यायाम की तुलना में एक स्वस्थ विकल्प देता है। यह संपूर्ण स्वास्थ्य को बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका है और पुरानी बीमारियों वाले रोगियों को सबसे अधिक लाभ देता है।

पढ़ें- बीमारियों से बचना है, स्वस्थ रहना है तो पैदल चलिए, होगें ये 8 फायदे

तैराकी उन लोगों के लिए एक बेहतरीन वैकल्पिक व्यायाम है जो दौड़ने या अन्य शारीरिक गतिविधियां करने में असमर्थ हैं। शोध के निष्कर्षों को इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एक्वेटिक एजुकेशन एंड रिसर्च में प्रकाशित किया गया है।

 

इसे भी पढ़ें-

दलिया खाने से मिलते हैं अनगिनत लाभ, कई रोगों के लिए है रामबाण

डिप्रेशन से बाहर निकलने में मदद करेगा यह घरेलू उपाय

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।